बरनाला में पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू के घर पर तीन अज्ञात लोगों ने गोलीबारी की

Ads

बरनाला में पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू के घर पर तीन अज्ञात लोगों ने गोलीबारी की

  •  
  • Publish Date - September 13, 2026 / 12:58 PM IST,
    Updated On - September 13, 2026 / 12:58 PM IST

चंडीगढ़, 13 सितंबर (भाषा) पंजाब के बरनाला जिले में पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू के घर पर मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर गोलीबारी की। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी और बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।

घटना के समय सिद्धू घर पर नहीं थे लेकिन उनके परिवार के सदस्य घर पर मौजूद थे।

घटना शनिवार देर रात हुई जब मोटरसाइकिल सवार तीन नकाबपोश बरनाला जिले के फरवाही गांव पहुंचे और उन्होंने सिद्धू के घर की तरफ गोलीबारी की।

हमलावरों में से एक मोटरसाइकिल चला रहा था और ऐसा लग रहा था कि वह मोबाइल फोन से वीडियो बना रहा था जबकि बाकी दो लोगों ने गोलीबारी की। पूरी घटना के सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं।

पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच से पता चला कि हमलावरों ने छह गोलियां चलाईं। गोलियां घर के मुख्य द्वार पर लगीं।

पुलिस ने कहा कि हमलावरों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। वे हमलावरों की पहचान करने के लिए आस-पास लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाल रहे हैं।

सिद्धू को पंजाब पुलिस की ओर से दो सुरक्षाकर्मी मुहैया कराए गए थे।

भाषा सुरभि शोभना

शोभना