एटा में कार पलटने से तीन युवकों की मौत, दो अन्य गंभीर रूप से घायल

Ads

एटा में कार पलटने से तीन युवकों की मौत, दो अन्य गंभीर रूप से घायल

  •  
  • Publish Date - February 7, 2026 / 03:41 PM IST,
    Updated On - February 7, 2026 / 03:41 PM IST

एटा (उप्र), सात फरवरी (भाषा) एटा जिले के मलावन थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार पांच लोग एक प्राइवेट कैब (ऐप आधारित टैक्सी सेवा प्रदाता कंपनी) से गुरुग्राम (हरियाणा) से मैनपुरी के कुरावली क्षेत्र के गांव गनेसपुर में एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे, तभी अचानक सकीट रोड स्थित गांव बावली नहर के पास घुमावदार मोड़ पर कार चालक नियंत्रण खो बैठा। कार की गति तेज होने के कारण वह अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरते हुए पहले पेड़ से टकराई और फिर तीन बार पलटती हुई करीब 15 फुट नीचे गड्ढे में जा गिरी।

पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद कार में सवार लोग करीब 15 मिनट तक अंदर फंसे रहे। चीख-पुकार सुनकर राहगीर मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद कार का दरवाजा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला।

मलावन के थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) आरके सिंह ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान मैनपुरी निवासी शिवम यादव (21), सुनील यादव (23) और मनकी (19) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में राहुल (28) और खुशबू (22) शामिल हैं, जिन्हें इलाज के लिए वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज, एटा में भर्ती कराया गया है।

एसएचओ ने कहा कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। घटना से जुड़े वीडियो फोटो भी सामने आए हैं, जो हादसे की भयावहता को दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ और खतरनाक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा।

भाषा सं आनन्द नेत्रपाल सुरभि

सुरभि