राजस्थान में कई स्थानों पर आंधी आई, कई जगहों पर बारिश हुई

राजस्थान में कई स्थानों पर आंधी आई, कई जगहों पर बारिश हुई

राजस्थान में कई स्थानों पर आंधी आई, कई जगहों पर बारिश हुई
Modified Date: April 1, 2026 / 03:23 pm IST
Published Date: April 1, 2026 3:23 pm IST

जयपुर, एक अप्रैल (भाषा) राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण बीते चौबीस घंटे में कई स्थानों पर आंधी आई व कई जगहों पर बारिश हुई। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ इस सप्ताह सक्रिय होगा जिससे कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है।

मौसम केंद्र के अनुसार बुधवार सुबह तक की अवधि के दौरान पिछले 24 घंटे में राज्य के कुछ भाग में आंधी-बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक 34 मिलीमीटर बारिश जयपुर के सांभर में हुई। इस अवधि में कोटा में सर्वाधिक 37.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा तथा सिरोही में सबसे कम 14.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

मौसम केंद्र के अनुसार आज बुधवार को राज्य के पूर्वी व उत्तरी भाग में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने व शेष भाग में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। वहीं, दो अप्रैल को दोपहर बाद जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी व बीकानेर संभाग के जिलों व आसपास के क्षेत्र में आंधी बारिश की गतिविधियों में पुनः बढ़ोतरी हो सकती है।

केंद्र के अनुसार एक और पश्चिमी विक्षोभ का सबसे अधिक प्रभाव तीन से चार अप्रैल को रहेगा। इससे जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भाग में आंधी आने व बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है।

इसी तरह, सात से आठ अप्रैल को एक और पश्चिमी विक्षोभ राज्य के कुछ भाग में सक्रिय रहेगा।

भाषा पृथ्वी सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में