अलीपुर गोलीबारी मामले में टिल्लू ताजपुरिया गिरोह का गुर्गा गिरफ्तार; हथियार, कार जब्त
अलीपुर गोलीबारी मामले में टिल्लू ताजपुरिया गिरोह का गुर्गा गिरफ्तार; हथियार, कार जब्त
नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) दिल्ली के बाहरी उत्तरी इलाके अलीपुर में एक विवादित संपत्ति को जबरन हथियाने की कोशिश में सशस्त्र हमलावरों द्वारा कथित तौर पर 12 गोलियां चलाने के मामले में टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के एक सदस्य सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
आरोपियों की पहचान संदीप उर्फ डागु महाराज (40) और दीपक (32) के रूप में हुई है। दोनों हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले हैं।
पुलिस ने उनके कब्जे से एक अर्द्ध स्वचालित पिस्तौल, आठ कारतूस और एक एसयूवी कार जब्त की।
यह मामला 30 अक्टूबर 2025 की घटना से संबंधित है, जब 30 से 45 सशस्त्र लोगों के एक समूह ने रामजनपुर गांव में एक विवादित भूखंड पर कथित तौर पर धावा बोल दिया, अंधाधुंध गोलीबारी की और संपत्ति का ताला तोड़ने की कोशिश करते हुए कई लोगों पर लाठियों से हमला किया।
इसके बाद अलीपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार संदीप टिल्लू ताजपुरिया गिरोह का सक्रिय गुर्गा है, जबकि दीपक उसका चचेरा भाई है।
पुलिस ने कहा कि एक समर्पित टीम को विशिष्ट खुफिया जानकारी मिली थी कि मामले में वांछित संदीप अपने साथी के साथ नरेला क्षेत्र में आएगा।
अधिकारियों ने बताया कि जाल बिछाया गया और आरोपियों को यूईआर-2 रोड और अलीपुर-नरेला रोड को जोड़ने वाली सड़क के पास रोका गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन थोड़ी दूर पीछा करने के बाद उन्हें काबू कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान, संदीप ने कथित तौर पर खुलासा किया कि वह 2016 से 2022 के बीच सोनीपत जेल में बंद रहने के दौरान गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया के संपर्क में आया था।
उसने दावा किया कि ताजपुरिया ने उसे गिरोह में भर्ती किया और नवंबर 2022 में उनकी रिहाई के बाद उसके लिए हथियारों की व्यवस्था की।
पुलिस के मुताबिक, संदीप ने बताया कि अक्टूबर 2025 में, गिरोह के सदस्यों ने भूखंड पर कब्जा करने के लिए उसे और उसके भाई को हथियार लाने को कहा था।
पुलिस ने बताया कि संदीप हत्या और हत्या के प्रयास सहित कम से कम छह आपराधिक मामलों में पूर्व में शामिल रहा है, जबकि दीपक हत्या, अवैध हथियार रखने और मादक पदार्थों से संबंधित अपराधों समेत चार मामलों में संलिप्त रहा है।
भाषा नोमान नोमान धीरज
धीरज

Facebook


