असम में एएसएफ के प्रकोप पर अरुणाचल के लोंगडिंग में सूअर के मांस वाले उत्पाद के परिवहन पर प्रतिबंध

Ads

असम में एएसएफ के प्रकोप पर अरुणाचल के लोंगडिंग में सूअर के मांस वाले उत्पाद के परिवहन पर प्रतिबंध

  •  
  • Publish Date - June 1, 2026 / 02:39 PM IST,
    Updated On - June 1, 2026 / 02:39 PM IST

ईटानगर, एक जून (भाषा) असम के तिनसुकिया क्षेत्र में अफ्रीकी स्वाइन फीवर (एएसएफ) के संक्रमण की पुष्टि होने के बाद अरुणाचल प्रदेश के लोंगडिंग जिले में जीवित सूअरों तथा सूअर के मांस वाले उत्पादों की खरीद-बिक्री एवं परिवहन पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

लोंगडिंग जिले के पशुपालन एवं पशु चिकित्सा अधिकारी ओ. मोयोंग ने एक परामर्श में कहा कि इस घातक संक्रमण को जिले में फैलने से रोकने के लिए ये आपातकालीन प्रतिबंध एक महीने तक लागू रहेंगे।

अधिकारी ने कहा, ‘‘सभी सूअर पालक, पशुधन व्यापारी और आम जनता को इन निवारक दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करना होगा। नियमों का उल्लंघन गंभीरता से लिया जाएगा। पशुओं में संक्रामक और संचारी रोगों के निवारण और नियंत्रण अधिनियम, 2009 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।’’

किसानों को सूअरों को रसोई का बचा हुआ भोजन या खाद्य अपशिष्ट खिलाने (‘स्विल फीडिंग’) से भी सावधान रहने को कहा गया है क्योंकि इसे एएसएफ वायरस फैलने का प्रमुख कारण माना गया है।

अधिकारी ने पशुपालकों से अपील की कि वे सूअरों में तेज बुखार, कमजोरी, भूख न लगना, रक्तस्राव या त्वचा पर बैंगनी रंग के चकत्ते और अचानक मौत जैसे लक्षणों पर नजर रखें।

उन्होंने कहा, ‘‘लक्षण दिखते ही उस सूअर को तुरंत स्वस्थ पशुओं से अलग कर दें। संदिग्ध मामलों या असामान्य मौतों की सूचना तत्काल नजदीकी पशु चिकित्सा चिकित्सालय या जिला पशु चिकित्सा अधिकारी के कार्यालय को दें।’’

भाषा खारी संतोष

संतोष