महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश में आंबेडकर को श्रद्धांजलि दी गई

Ads

महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश में आंबेडकर को श्रद्धांजलि दी गई

  •  
  • Publish Date - April 14, 2026 / 11:11 AM IST,
    Updated On - April 14, 2026 / 11:11 AM IST

मुंबई/अमरावती, 14 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश में डॉ. बी. आर. आंबेडकर की जयंती पर मंगलवार को दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत अन्य लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में डॉ. बी. आर. आंबेडकर के स्मारक ‘चैत्यभूमि’ पर उन्हें मंगलवार को उनकी 135वीं जयंती के मौके पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

फडणवीस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आंबेडकर को एक महान अर्थशास्त्री और ‘‘न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे के लोकतांत्रिक आदर्शों के पीछे एक मार्गदर्शक शक्ति’’ के रूप में वर्णित किया।

भारतीय संविधान के मुख्य निर्माता को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए राज्यपाल वर्मा, मुख्यमंत्री फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और राज्य मंत्री छगन भुजबल सुबह मुंबई के दादर क्षेत्र स्थित चैत्यभूमि पहुंचे।

फडणवीस ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘भारतीय संविधान के निर्माता, एक विद्वान, दूरदर्शी अर्थशास्त्री और सामाजिक न्याय के प्रबल समर्थक को विनम्र श्रद्धांजलि।’’

इससे पहले राज्यपाल वर्मा ने लोक भवन में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने आंबेडकर की 135वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें एक प्रेरणास्रोत बताया। मुख्यमंत्री ने भारतीय संविधान के निर्माता और समाज सुधारक के रूप में उनके योगदान को याद किया।

नयडू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आंबेडकर एक महान नेता थे, जिन्होंने जातिगत भेदभाव सहा और सभी नागरिकों को समान अधिकार और अवसर दिलाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया, वह हमें प्रेरित करते रहेंगे।’’

भाषा

यासिर अमित

अमित