मादक पदार्थों के ‘ओवरडोज’ से मौतें: कांग्रेस ने महाराष्ट्र सरकार को ‘अयोग्य और बेशर्म’ बताया

Ads

मादक पदार्थों के ‘ओवरडोज’ से मौतें: कांग्रेस ने महाराष्ट्र सरकार को 'अयोग्य और बेशर्म' बताया

  •  
  • Publish Date - April 14, 2026 / 08:14 PM IST,
    Updated On - April 14, 2026 / 08:14 PM IST

मुंबई, 14 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने मादक पदार्थ के ‘ओवरडोज’ के कारण दो छात्रों की मौत के मामले में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत ‘महायुति’ सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ‘अयोग्य और बेशर्म’ कार्यप्रणाली ने राज्य के युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेल दिया है।

पुलिस के अनुसार, शहर के एक प्रबंधन संस्थान के दो छात्रों की रविवार को गोरेगांव में एक संगीत कार्यक्रम में शामिल होने के बाद संदिग्ध ड्रग ‘ओवरडोज’ से मौत हो गई। पीड़ित छात्र 15 छात्रों के एक समूह का हिस्सा थे, जिन्होंने कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने से पहले ‘एक्स्टसी’ का सेवन किया था और कार्यक्रम के दौरान शराब भी पी थी।

सपकाल ने एक बयान में सवाल उठाया कि पुलिस और कानून लागू करने वाली एजेंसियां ​​हजारों लोगों के ऐसे जमावड़े का पता लगाने में कैसे विफल रहीं, जहां खुलेआम नशीले पदार्थों और शराब का सेवन किया जा रहा था।

उन्होंने कहा, ‘‘मुंबई पुलिस की नाक के नीचे खुलेआम इस तरह का आयोजन होना गृह विभाग और संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र की घोर विफलता को दर्शाता है।’’

सपकाल ने कहा कि ‘महायुति’ सरकार की ‘अयोग्य और बेशर्म’ कार्यप्रणाली ने राज्य के युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेल दिया है।

उन्होंने नासिक, छत्रपति संभाजीनगर और सोलापुर के पिछले मामलों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि ‘‘सत्ता में बैठे लोगों के आशीर्वाद’’ से महाराष्ट्र भर में मादक पदार्थों का व्यापार फल-फूल रहा है।

उन्होंने नशीले पदार्थों से संबंधित कई मामलों को कथित राजनीतिक संरक्षण से भी जोड़ा, और दावा किया कि जांच को कमजोर किया गया और आरोपी व्यक्तियों को ‘‘क्लीन चिट’’ दे दी गई।

सपकाल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार स्थिति को नियंत्रित करने में विफल रही है। फडणवीस के पास गृह विभाग का भी कार्यभार है।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश