नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस ने बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक दल के नेता के तौर पर सम्राट चौधरी को चुने जाने के बाद मंगलवार को दावा किया कि सत्तारूढ़ पार्टी में मंत्री या मुख्यमंत्री के चयन के लिए प्रक्रिया के नाम पर नौटंकी होती है, क्योंकि नाम ‘‘दो व्यक्ति’’ पहले ही तय कर लेते हैं।
पार्टी नेता और पूर्व सांसद उदित राज ने यह भी कहा कि भाजपा के विपरीत कांग्रेस में किसी भी नेता के चयन में लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन होता है और विभिन्न स्तरों पर विचार-विमर्श होता है।
बिहार में मंगलवार को सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। इसके साथ ही स्पष्ट हो गया है कि बिहार में बनने वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की नयी सरकार में सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री के रूप में कमान संभालेंगे।
इस बारे में पूछे जाने पर उदित राज ने कांग्रेस कार्यालय में संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा में यह सब (नेता का चयन) नौटंकी होती है। कौन मंत्री बनेगा, कौन मुख्यमंत्री बनेगा, कौन पर्यवेक्षक बनेगा, इसको लेकर कई दिनों तक चर्चा होती है। यह सब नाटक है। भाजपा में लोकतंत्र नहीं है।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘जिसको बनाना होता है, उस बारे में दो व्यक्ति फैसला कर लेते हैं और आगे बाकी जो होता है, वो सब नौटंकी है।’’
भाषा हक हक दिलीप
दिलीप