पश्चिम बंगाल चुनावों में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस का अस्तित्व समाप्त हो चुका है : बिप्लव देब

Ads

पश्चिम बंगाल चुनावों में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस का अस्तित्व समाप्त हो चुका है : बिप्लव देब

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 07:49 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 07:49 PM IST

अगरतला, पांच मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता बिप्लब कुमार देब ने मंगलवार को दावा किया कि पश्चिम बंगाल में 15 वर्षों तक शासन करने वाली तृणमूल कांग्रेस हाल में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद अब “खत्म हो चुकी” है।

भाजपा ने 294 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीटें हासिल कीं, जिससे पश्चिम बंगाल में तृणमूल के लगातार 15 साल के शासन का अंत हुआ और राज्य के राजनीतिक परिदृश्य में एक निर्णायक बदलाव आया।

देब ने कहा, ‘पश्चिम बंगाल चुनावों में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस का अस्तित्व समाप्त हो चुका है। तृणमूल कांग्रेस सरकार के कुशासन से जनता को मुक्ति दिलाने के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभारी हूं।’

बिप्लव ने पश्चिम बंगाल चुनावों में पार्टी के सह-प्रभारी के रूप में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों को लोकतंत्र की ‘ऐतिहासिक’ जीत और तृणमूल की ‘डर, तुष्टीकरण और कुप्रबंधन की राजनीति’ की करारी हार बताया।

उन्होंने सत्ता परिवर्तन के लिए बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए पश्चिम बंगाल की जनता की सराहना भी की।

उनकी नई जिम्मेदारी के बारे में पूछे जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा मुझे सौंपी गई हर जिम्मेदारी मैंने पूरी निष्ठा से निभाई है।’

जब उनसे पूछा गया कि बंगाल का मुख्यमंत्री कौन होगा, तो उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर पार्टी फैसला करेगी।

इससे पहले, बंगाल में भाजपा की जीत के बाद बिप्लब देब के एमबीबी हवाई अड्डे पर पहुंचने पर पार्टी के हजारों नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

उन्होंने मां त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।

भाषा

राखी दिलीप

दिलीप