महिला सांसदों से अभद्रता के मामले में तृणमूल कांग्रेस सदस्य कल्याण बनर्जी लोकसभा से निलंबित
महिला सांसदों से अभद्रता के मामले में तृणमूल कांग्रेस सदस्य कल्याण बनर्जी लोकसभा से निलंबित
नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी को सदन में महिला सदस्यों से कथित अभद्रता और दुर्व्यवहार करने और उनके खिलाफ असंसदीय टिप्पणियां करने के मामले में बुधवार को मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए लोकसभा से निलंबित कर दिया गया।
लोकसभा की कार्यवाही दो बार के स्थगन के बाद अपराह्न दो बजे शुरू हुई, तब पीठासीन सभापति कृष्ण प्रसाद तेन्नेटी ने कहा कि आज सांसद कल्याण बनर्जी ने कुछ महिला सदस्यों के खिलाफ असंसदीय टिप्पणियां की हैं जिसकी लिखित शिकायत अध्यक्ष ओम बिरला को प्राप्त हुई है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह सदन की गरिमा के विरुद्ध है। सांसद का यह व्यवहार बहुत आपत्तिजनक है।’’
इसके बाद संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सदन में प्रस्ताव रखा कि तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी, जिन्होंने महिला सांसदों के साथ अभद्रता की और दुर्व्यवहार किया, उन्हें मौजूदा सत्र की शेष अवधि के लिए सदन से निलंबित किया जाए।
सदन ने इस प्रस्ताव को ध्वनिमत से स्वीकार कर लिया जिसके बाद पीठासीन सभापति तेन्नेटी ने बनर्जी को सत्र की शेष अवधि के लिए सदन से निलंबित किए जाने की घोषणा की और उन्हें तत्काल सदन से बाहर जाने का आदेश दिया।
भाषा वैभव मनीषा
मनीषा

Facebook


