तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी ने लोगों से कांग्रेस और उसके सहयोगियों दलों को वोट नहीं देने की अपील की
तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी ने लोगों से कांग्रेस और उसके सहयोगियों दलों को वोट नहीं देने की अपील की
(फाइल फोटो के साथ)
कोलकाता, छह अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने सोमवार को यह दावा करते हुए लोगों से कांग्रेस को वोट न देने की अपील की कि इससे भाजपा ही मजबूत होगी।
तृणमूल महासचिव अभिषेक बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद जिले के जलांगी में एक रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस का भाजपा और वामदलों के साथ साठगांठ है तथा उसके प्रत्याशियों को वोट देने से गैर-भाजपा वोट बंट जाएंगे और भाजपा को ही फायदा होगा।
उन्होंने श्रोताओं से कहा, ‘‘जब मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कारण आपका नाम मतदाता सूची से गायब हो गया, तो क्या उसने (कांग्रेस ने) आपकी (मतदाताओं की) मदद की? तृणमूल ने निर्वाचन आयोग और भाजपा से बहादुरी से लड़ाई नहीं लड़ी ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि आपका नाम मतदाता सूची में शामिल हो। किसी भी अन्य दल ने निर्वाचन आयोग एवं भाजपा से लड़ाई नहीं लड़ी।’’
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने निर्वाचन आयोग और भाजपा की भूमिका बेनकाब की तथा पूरक सूचियों का प्रकाशन और न्यायाधिकरणों की स्थापना सुनिश्चित किया। नागरिकों को उनके मताधिकार से वंचित करने की इस घिनौनी साजिश का शुरू से केवल हमने विरोध किया। कांग्रेस और अन्य दलों ने कुछ नहीं किया। हम हमेशा आपके (जनता के) साथ खड़े रहेंगे।”
उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम अंतिम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं, उन्हें न्यायाधिकरणों में अपील करनी चाहिए । उन्होंने आश्वासन दिया कि तृणमूल कांग्रेस उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
कांग्रेस तृणमूल को चुनौती देने के लिए बहरामपुर समेत जिले की सभी प्रमुख सीटों पर चुनाव लड़ रही है। जिले में तृणमूल के पास 20सीट हैं जिनमें तृणमूल के निलंबित विधायक और जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर की सीट भी शामिल है।
बनर्जी ने भाजपा और अन्य ‘स्वार्थी तत्वों’ पर मुर्शिदाबाद में चुनाव से पहले सांप्रदायिक तनाव भड़काने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया।
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में 23 और 29अप्रैल को चुनाव होंगे। मतों की गिनती चार मई को होगी।
भाषा
राजकुमार रंजन
रंजन

Facebook


