तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी ने केंद्रीय बलों के ‘हमले’ के बाद एक मतदाता की मौत का दावा किया

तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी ने केंद्रीय बलों के 'हमले' के बाद एक मतदाता की मौत का दावा किया

तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी ने केंद्रीय बलों के ‘हमले’ के बाद एक मतदाता की मौत का दावा किया
Modified Date: April 29, 2026 / 08:00 pm IST
Published Date: April 29, 2026 8:00 pm IST

कोलकाता, 29 अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने बुधवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान हावड़ा जिले में केंद्रीय बलों की कथित पिटाई के बाद एक बुजुर्ग मतदाता की मौत हो गई।

बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के माध्यम से आरोप लगाया कि राज्य में तैनात केंद्रीय बल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की “निजी सेना” की तरह काम कर रहे हैं और मतदाताओं को आतंकित कर रहे हैं।

बनर्जी ने उदयनारायणपुर की घटना का जिक्र करते हुए दावा किया कि बुजुर्ग व्यक्ति अपने बेटे के साथ वोट डालने गये थे, लेकिन जब उनका बेटा उन्हें बूथ तक ले जाने की कोशिश कर रहा था, तब केंद्रीय बलों ने कथित तौर पर उन्हें धक्का दिया और मारपीट की, जिसके बाद वह गिर पड़े।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘बुजुर्ग व्यक्ति गिर गए, उन्हें अमता अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया।’

डायमंड हार्बर से सांसद बनर्जी ने आरोप लगाया कि सुबह से केंद्रीय बल महिलाओं को ‘थप्पड़’ मार रहे हैं, बुजुर्गों से मारपीट कर रहे हैं और बच्चों तक को नहीं बख्श रहे।

उन्होंने इन घटनाओं की तुलना 2021 के शीतलकुची गोलीबारी से करते हुए कहा कि भाजपा को तब इसकी राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ी थी और 2026 में इससे भी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी।

उन्होंने चेतावनी दी कि कथित ज्यादतियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इन आरोपों पर भाजपा, केंद्रीय बलों या निर्वाचन आयोग की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

भाषा

राखी पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में