(तस्वीरों के साथ)
कोलकाता, 27 अप्रैल (भाषा) दक्षिण पश्चिम बंगाल में हिंसा की अलग-अलग घटनाओं में कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस की एक सांसद पर हमला किया गया और सीआईएसएफ के एक जवान को गोली मार दी गई।
राज्य में बुधवार को दूसरे चरण का चुनाव होना है।
हुगली जिले में, आरामबाग की सांसद मिताली बाग ने सोमवार को आरोप लगाया कि जब वह पार्टी नेता अभिषेक बनर्जी की रैली में शामिल होने जा रही थीं, तब गोघाट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की।
बाग ने दावा किया कि भाजपा कार्यालय के पास उन पर हमला हुआ और उनकी गाड़ी का शीशा टूटने से उन्हें चोटें आईं।
उन्होंने आरोप लगाया कि महिला और दलित जन प्रतिनिधि होने के बावजूद, उन्हें “फासीवादी भाजपा द्वारा संरक्षित गुंडों” ने निशाना बनाया।
बाद में उन्हें इलाज के लिए आरामबाग अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में बाग से मिलने पहुंची बनर्जी ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि बंगाल की जनता भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देगी।
भाजपा ने आरोपों का खंडन करते हुए इस घटना को “नाटक” बताया और इसके बजाय तृणमूल कांग्रेस समर्थकों पर उनके नेता पर हमला करने का आरोप लगाया।
निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में रिपोर्ट मांगी गई है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि केंद्रीय बलों को भी मौके पर तैनात किया गया है।
एक अन्य घटना में, रविवार देर रात उत्तरी 24 परगना जिले के भाटपारा इलाके में भाजपा उम्मीदवार पवन सिंह के आवास के बाहर हुई गोलीबारी में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) का एक जवान घायल हो गया।
घायल जवान की पहचान योगेश शर्मा के रूप में हुई है, जिन्हें पैर में गोली लगी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। निर्वाचन आयोग ने घटना पर रिपोर्ट मांगी है।
पुलिस ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में तृणमूल पार्षद समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जिले के हाबरा निर्वाचन क्षेत्र में, एक मतदान केंद्र के रूप में नामित स्कूल परिसर से आठ देसी बम बरामद किए गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
पुलिस ने बताया कि हाबरा दक्षिण निमना बुनियादी प्राथमिक विद्यालय में सुरक्षा जांच के दौरान विस्फोटक सामग्री का पता चला और बाद में उसे निष्क्रिय कर दिया गया।
जहां एक ओर तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर मतदान में बाधा डालने के लिए बम रखने का आरोप लगाया, वहीं भाजपा ने सत्तारूढ़ दल पर मतदाताओं को डराने-धमकाने का आरोप लगाया। चुनाव आयोग ने इस घटना पर भी रिपोर्ट मांगी है।
सात जिलों की कुल 142 सीटों पर बुधवार को दूसरे चरण का मतदान होगा। मतगणना 4 मई को होगी।
भाषा
प्रशांत नरेश
नरेश