तृणमूल विभाजन विवाद: अभिषेक बनर्जी आज लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिलेंगे

Ads

तृणमूल विभाजन विवाद: अभिषेक बनर्जी आज लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिलेंगे

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 12:49 PM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 12:49 PM IST

नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी शुक्रवार शाम लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर पार्टी में कथित विभाजन के मामले पर अपना पक्ष रखेंगे और अलग हुए गुट को मान्यता दिए जाने का विरोध करेंगे।

सूत्रों के अनुसार, बनर्जी शाम पांच बजे संसद भवन में लोकसभा अध्यक्ष के कक्ष में बिरला से मिलेंगे।

यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने तृणमूल कांग्रेस के, निचले सदन में नेता को इस मुद्दे पर अपना पक्ष रखने के लिए आमंत्रित किया है। यह मामला 20 बागी तृणमूल कांग्रेस सांसदों द्वारा खुद को अलग समूह के रूप में मान्यता दिए जाने की मांग से जुड़ा है, जिन्होंने कथित रूप से ‘नेशनलिस्ट सिटिज़न्स पार्टी ऑफ इंडिया’ के साथ विलय किया है।

दस जून को अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर आग्रह किया था कि किसी भी ऐसे समूह को मान्यता, दर्जा या संसदीय सुविधा न दी जाए जो खुद को ‘ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ (एआईटीसी) से अलग गुट बताता है।

उन्होंने कहा था कि संविधान और दलबदल विरोधी कानून किसी भी मौजूदा राजनीतिक दल के भीतर अलग समूह के गठन की अनुमति नहीं देते।

उन्होंने यह भी अनुरोध किया था कि ऐसे किसी भी निर्णय से पहले एआईटीसी को सुनवाई का अवसर दिया जाए।

जहां बागी सांसद पहले ही लोकसभा अध्यक्ष से मिल चुके हैं, वहीं बिरला ने अब दोनों पक्षों को सुनने के बाद ही निर्णय लेने का संकेत दिया है।

संसदीय सूत्रों के अनुसार, अध्यक्ष इस मामले पर कानून और सदन के नियमों के अनुसार निर्णय लेंगे।

भाषा मनीषा रंजन

रंजन