नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) वैश्विक बाजारों में कमजोरी और अमेरिका-ईरान संघर्ष विराम समझौते को लेकर अनिश्चितता के बीच बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतें 1,850 रुपये टूटकर 1.59 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गईं।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,850 रुपये या 1.14 प्रतिशत टूटकर 1,59,600 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गई, जो मंगलवार के बंद भाव 1,61,450 रुपये प्रति 10 ग्राम से कम है।
चांदी की कीमतें भी 1,500 रुपये या 0.55 प्रतिशत टूटकर 2,69,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गई। पिछले सत्र में चांदी की कीमत 2,71,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक, गौरव गर्ग ने कहा कि बुधवार को घरेलू बाजारों में सोने और चांदी की कीमतें गिर गईं, क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ रहा है, जिससे लंबे समय तक ऊंची ब्याज दरें बने रहने की आशंका पैदा हो गई है, जिसका असर कीमती धातुओं पर पड़ा है।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर सोना 0.54 प्रतिशत टूटकर 4,463.84 डॉलर प्रति औंस रह गया और चांदी एक प्रतिशत टूटकर 74.43 डॉलर प्रति औंस रह गई।
मिराए एसेट शेयरखान में जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि सोने की कीमतें दबाव में थीं, क्योंकि अमेरिका-ईरान समझौता अभी भी दूर की कौड़ी बना हुआ है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय