राजस्थान के झुंझुनू में ट्रक ने कार को टक्कर मारी; दो की मौत, चार घायल

राजस्थान के झुंझुनू में ट्रक ने कार को टक्कर मारी; दो की मौत, चार घायल

राजस्थान के झुंझुनू में ट्रक ने कार को टक्कर मारी; दो की मौत, चार घायल
Modified Date: September 19, 2026 / 06:19 pm IST
Published Date: September 19, 2026 6:19 pm IST

जयपुर, 19 सितंबर (भाषा) राजस्थान के झुंझुनू जिले में एक तेज रफ़्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी जिससे कार में सवार दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार यह हादसा शुक्रवार देर रात सूरजगढ़ थाना इलाके में रघुनाथपुरा टोल प्लाजा के पास हुआ। पुलिस ने बताया कि कार में सवार लोग दिल्ली के एक आश्रम से धार्मिक यात्रा पूरी करके घर लौट रहे थे।

थानाधिकारी राम सिंह यादव ने बताया कि कार चालक ने स्पीड ब्रेकर के पास गाड़ी धीमी की तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार का दरवाज़ा तोड़कर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला और उन्हें एम्बुलेंस से सूरजगढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया।

थानाधिकारी के अनुसार चिकित्सकों ने सीकर की रहने वाली शर्मिला और गुढ़ा के रहने वाले महेंद्र को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार ‘स्पीड ब्रेकर’ पर कार धीमी होने के बाद ट्रक चालक ने कार से बचने की कोशिश की लेकिन ट्रक की कार से टक्कर हो गई।

भाषा पृथ्वी अमित

अमित


लेखक के बारे में