टीवीके गठबंधन बैठक में तीन-सूत्री कार्ययोजना तय, अंतिम फैसला अगली बैठक में

Ads

टीवीके गठबंधन बैठक में तीन-सूत्री कार्ययोजना तय, अंतिम फैसला अगली बैठक में

  •  
  • Publish Date - July 2, 2026 / 12:07 AM IST,
    Updated On - July 2, 2026 / 12:07 AM IST

चेन्नई, एक जुलाई (भाषा) तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने बुधवार को राजनीतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक बड़े कदम के तहत गठबंधन बैठक में तीन चरणों वाली कार्ययोजना तय की, जिसमें भविष्य में एक समर्पित समन्वय समिति के गठन का प्रस्ताव भी शामिल है।

सत्तारूढ़ टीवीके ने बुधवार को अपने गठबंधन सहयोगियों कांग्रेस, वीसीके और आईयूएमएल के साथ पहली बैठक की। ये सभी दल गठबंधन सरकार का हिस्सा हैं।

टीवीके के संस्थापक एवं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ सी विजय की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और सांसद बी मणिक्कम टैगोर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम, वीसीके प्रमुख टी. तिरुमावलवन, एमडीएमके नेता वाइको, आईयूएमएल अध्यक्ष के एम कादेर मोहिदीन तथा टीवीके के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं मंत्री शामिल हुए।

हालांकि, वामपंथी दलों के नेताओं ने यह कहते हुए बैठक में हिस्सा नहीं लिया कि वे सरकार को केवल बाहर से समर्थन दे रहे हैं।

तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष मणिक्कम टैगोर ने बैठक के तुरंत बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि गठबंधन को आगे बढ़ाने के लिए नेताओं ने तीन प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की — एक समर्पित समन्वय समिति का गठन, साझा न्यूनतम कार्यक्रम तैयार करना और गठबंधन के लिए आधिकारिक नाम तय करना।

उन्होंने कहा कि परामर्श बैठक में शामिल सभी नेताओं ने सक्रिय रूप से अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा, “तीनों मुद्दों पर अंतिम फैसला अगली बैठक में लिया जाएगा, जो बहुत जल्द आयोजित की जाएगी।”

उन्होंने कहा कि गठबंधन ने अपने सहयोगियों को तीन श्रेणियों -बाहरी समर्थन देने वाले, सरकार में भागीदार और मैत्रीपूर्ण सहयोगी- में भी वर्गीकृत किया है।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश