टीवीके प्रमुख विजय ने फिर से चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया, द्रमुक पर साधा निशाना

टीवीके प्रमुख विजय ने फिर से चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया, द्रमुक पर साधा निशाना

टीवीके प्रमुख विजय ने फिर से चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया, द्रमुक पर साधा निशाना
Modified Date: November 23, 2025 / 12:39 pm IST
Published Date: November 23, 2025 12:39 pm IST

चेन्नई, 23 नवंबर (भाषा) तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) प्रमुख विजय ने 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए अपना प्रचार अभियान लगभग दो महीने बाद रविवार को फिर से शुरू किया।

विजय ने राज्य में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर ‘लूट’ का आरोप लगाते हुए निशाना साधा और उस पर वंशवाद की राजनीति को लेकर परोक्ष तौर पर आरोप भी लगाया।

विजय ने द्रमुक पर उनकी पार्टी टीवीके की विचारधारा पर सवाल उठाने के लिए हमला बोला और कहा कि उनकी पार्टी ठोस विचारधारा पर आधारित है और इसकी शुरुआत बराबरी के सिद्धांत से होती है और दूसरी बातों के अलावा, इसने जाति सर्वेक्षण की मांग की थी।

उन्होंने पास के कांचीपुरम जिले के सुंगुवरचट्टीराम में एक निजी शैक्षणिक संस्थान में आयोजित अपने कार्यकर्ताओं, प्रशंसकों और स्थानीय लोगों को संबोधित किया।

विजय ने आरोप लगाया कि द्रमुक की विचारधारा ‘लूट’ है और उस पर वंशवाद की राजनीति को लेकर परोक्ष तौर पर हमला किया। अभिनेता से राजनीतिज्ञ बने विजय ने द्रमुक का मखौल उड़ाया और उस पर दिखावा करने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि टीवीके ने द्रमुक की तरह नीट (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा) खत्म करने के ‘खोखले दावे’ नहीं किए, बल्कि उसने शिक्षा को संविधान की समवर्ती सूची से राज्य सूची में स्थानांतरित करने की मांग की।

करूर में 27 सितंबर की भगदड़ की घटना के बाद, विजय ने पहली बार अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और लोगों को संबोधित किया। इसके साथ ही अगले साल राज्य विधानसभा चुनाव से पहले उनका अभियान फिर से शुरू हो गया।

भाषा अमित संतोष

संतोष


लेखक के बारे में