तंजावुर (तमिलनाडु), 18 मई (भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नेता उदयनिधि स्टालिन ने सोमवार को दावा किया कि तमिलनाडु की तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) नीत सरकार जल्द ही ‘‘बेनकाब’’ हो जाएगी।
यहां एक विवाह समारोह में उदयनिधि स्टालिन ने कहा, ‘‘सरकार बने महज 10 दिन हुए हैं और महिलाएं, युवा तथा वर्तमान पीढ़ी (जेन-जेड) इस प्रशासन का असली चेहरा पहचानने लगी है। जैसे-जैसे वक्त बीतेगा, सत्ता में बैठे लोग खुद को और भी उजागर करते जाएंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वक्त के साथ और भी सच्चाइयां लोगों के सामने आएंगी।’’
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा, ‘‘इसलिए हम एक बार फिर जनसेवा और जमीनी काम में जुट जाएं। जैसा हमारे नेता एम.के. स्टालिन हमेशा कहते हैं-सत्ता में रहते हुए ही नहीं, विपक्ष में रहकर भी काम करें। केवल अपने मतदाताओं के लिए नहीं, बल्कि उनके लिए भी काम करें जिन्होंने हमें वोट नहीं दिया।’’
द्रमुक की सत्ता में वापसी का भरोसा जताते हुए उदयनिधि ने कहा कि पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि एक सामाजिक आंदोलन है।
उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव में जीत और हार तो लगी रहती है। एक सामाजिक आंदोलन के रूप में द्रमुक हमेशा की तरह जनसेवा में लगी रहेगी और हम भी इस प्रतिबद्धता पर अडिग रहेंगे।’’
पार्टी नेता स्टालिन के मार्गदर्शन में सभी से जनकल्याण के काम जारी रखने की अपील करते हुए द्रमुक नेता ने कहा, ‘‘सूरज (द्रमुक का चुनाव चिह्न) कभी डूबता नहीं, फिर सूर्य का उदय होगा और उसकी रोशनी में तमिलनाडु फिर फलेगा-फूलेगा।’’
भाषा खारी अविनाश
अविनाश