पाकिस्तान ने यूएई के परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर ड्रोन हमले की निंदा की

Ads

पाकिस्तान ने यूएई के परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर ड्रोन हमले की निंदा की

  •  
  • Publish Date - May 18, 2026 / 07:10 PM IST,
    Updated On - May 18, 2026 / 07:10 PM IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 18 मई (भाषा) पाकिस्तान ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बरकाह परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर हुए ड्रोन हमले की सोमवार को कड़ी निंदा की।

अबू धाबी में बरकाह परमाणु ऊर्जा संयंत्र के भीतरी परिसर के बाहर ड्रोन हमले के कारण रविवार को आग लग गई और फिलहाल किसी ने भी इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

विदेश कार्यालय ने एक बयान में कहा, ‘‘पाकिस्तान, यूएई के मित्रवत लोगों और सरकार के साथ पूरी एकजुटता से खड़ा है।’’

बयान में कहा गया है कि परमाणु संयंत्रों को जानबूझकर निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन है। इसके साथ ही यह अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के नियमों तथा प्रस्तावों में निहित परमाणु सुरक्षा और संरक्षा के मूलभूत सिद्धांत का भी उल्लंघन हैं।

बयान में कहा गया, ‘‘किसी भी परिस्थिति में परमाणु प्रतिष्ठानों को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। इस तरह की लापरवाह कार्रवाइयों से मानव जीवन, पर्यावरण और क्षेत्रीय एवं वैश्विक शांति एवं सुरक्षा के लिए संभावित रूप से विनाशकारी परिणाम हो सकते हैं।’’

पाकिस्तान ने सभी पक्षों से संयम बरतने, अंतरराष्ट्रीय कानून और मानवीय कानूनों के तहत अपने दायित्वों को पूरा करने तथा ऐसे किसी भी कार्य से बचने का आह्वान किया है जिससे तनाव और बढ़ सकता है।

भाषा यासिर नरेश

नरेश