टीवीके ने उपचुनाव और स्थानीय निकाय चुनावों से पहले सहयोगी दलों के साथ पहली बैठक की
टीवीके ने उपचुनाव और स्थानीय निकाय चुनावों से पहले सहयोगी दलों के साथ पहली बैठक की
चेन्नई, एक जुलाई (भाषा) तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने बुधवार को आगामी उपचुनाव और स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर अपने सहयोगी दलों—कांग्रेस, वीसीके, आईयूएमएल और एमडीएमके के साथ पहली बैठक की। ये दल विजय के नेतृत्व वाली सरकार को बाहर से समर्थन दे रहे हैं।
तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के संस्थापक और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और सांसद बी मणिकम टैगोर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम, वीसीके प्रमुख थोल तिरुमावलवन, एमडीएमके नेता वाइको, आईयूएमएल अध्यक्ष के एम मोहिदीन तथा टीवीके के वरिष्ठ पदाधिकारी और मंत्री शामिल हुए।
हालांकि, वामपंथी दलों के नेताओं ने यह कहते हुए बैठक में हिस्सा नहीं लिया कि वे सरकार को केवल बाहर से समर्थन दे रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, करीब एक घंटे तक चली इस बैठक में सहयोगी दलों के साथ मिलकर स्थिर सरकार चलाने और पांच साल का कार्यकाल पूरा करने पर चर्चा हुई।
बैठक के तुरंत बाद राज्य के ऊर्जा संसाधन एवं कानून मंत्री सी टी आर निर्मल कुमार ने कहा कि टीवीके गठबंधन को उपयुक्त नाम देने की योजना को बैठक में सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री सहयोगी दलों के नेताओं के साथ चर्चा करेंगे और जल्द ही इसकी घोषणा करेंगे।”
निर्मल कुमार की बातों का समर्थन करते हुए कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और सांसद एस जोतिमणि ने कहा, “टीवीके और उसके सहयोगी दलों की विचारधारा एक जैसी है, खासकर धर्मनिरपेक्षता के मुद्दे पर। इसलिए यह गठबंधन बहुत मजबूत है। बैठक के दौरान टीवीके ने हमारे सभी सुझावों को भी सुना।”
टीवीके सूत्रों ने बताया कि गठबंधन के लिए जल्द ही एक समन्वयक नियुक्त किए जाने की संभावना है।
तमिलनाडु की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की जरूरत विजय के पेरम्बूर सीट से जीतने के बाद तिरुचिरापल्ली पूर्व सीट से इस्तीफा देने और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के छह विधायकों के पद छोड़ने के कारण पड़ी है।
उपचुनाव और स्थानीय निकाय चुनावों की तारीखों की अभी घोषणा नहीं की गई है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश

Facebook


