टीवीके ने नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक आयोजित की

टीवीके ने नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक आयोजित की

टीवीके ने नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक आयोजित की
Modified Date: May 8, 2026 / 12:24 am IST
Published Date: May 8, 2026 12:24 am IST

चेन्नई, सात मई (भाषा) तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने सरकार गठन पर चर्चा करने के लिए बृहस्पतिवार को यहां पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक की।

बृहस्पतिवार शाम पनायूर में हुई इस बैठक में बड़ी संख्या में नवनिर्वाचित विधायक और पदाधिकारी शामिल हुए। उन्होंने पार्टी के महासचिव ‘बुस्सी’ एन आनंद से जानना चाहा कि टीवीके सरकार कब बनाएगी।

पार्टी के एक सूत्र ने बताया, ‘कई लोग आनंद से जानना चाहते थे कि टीवीके कब सरकार बनाएगी। नेता ने उनसे धैर्य रखने को कहा क्योंकि पार्टी प्रमुख विजय इसके लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।’

टीवीके थेनी जिला अध्यक्ष पांडी ने कहा, ‘तमिलनाडु की जनता ने हमारे नेता विजय के नेतृत्व में सरकार बनाने का जनादेश दिया है। यह निश्चित रूप से होगा। हमारे नेता कदम उठा रहे हैं।’

कई लोगों को उम्मीद थी कि विजय मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे, लेकिन आज यह समारोह नहीं होने से उन्हें निराशा हुई।

तमिलगा वेत्री कषगम साधारण बहुमत से दूर है। हालांकि कांग्रेस ने पांच विधायकों के साथ टीवीके को समर्थन देने की पेशकश की है, लेकिन विजय की पार्टी को 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में साधारण बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है। विधानसभा चुनावों में टीवीके ने 108 सीटें जीतीं, जिनमें विजय की जीती दो सीटें भी शामिल हैं। उन्हें एक सीट खाली करनी होगी।

भाषा तान्या अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में