सहयोगी दलों के साथ बैठक आयोजित करेगी टीवीके
सहयोगी दलों के साथ बैठक आयोजित करेगी टीवीके
चेन्नई, एक जुलाई (भाषा) तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) बुधवार को एक बैठक आयोजित करेगी, जिसमें उसने अपने गठबंधन सहयोगियों कांग्रेस, वीसीके, आईयूएमएल और एमडीएमके तथा बाहर से विजय के नेतृत्व वाली सरकार को समर्थन दे रहीं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को भी आमंत्रित किया है।
राज्य में सरकार बनने के बाद टीवीके की यह पहली ऐसी बैठक है।
टीवीके विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरी लेकिन बहुमत से पीछे रह गयी थी, जिसके बाद उसने द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन के घटक के रूप में सीटें जीतने वाली कुछ पार्टियों के समर्थन से सत्ता संभाला।
बाद में कांग्रेस, विदुथलाई चिरुथाइगल काची (वीसीके) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के विधायकों को विजय के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था।
टीवीके के सूत्रों ने बताया कि यह बैठक यहां पास में मामल्लापुरम में आयोजित होने वाली है। इसके लिए पार्टी ने एमडीएमके के महासचिव वाइको सहित सभी गठबंधन दलों के मुख्य नेताओं और उनके विधायकों को आमंत्रित किया है।
सूत्रों ने बताया कि बैठक में चर्चा का मुख्य केंद्र स्थिर सरकार बनाने और पांच साल का कार्यकाल पूरा करने पर होगा। मुख्यमंत्री विजय इस संबंध में गठबंधन के नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।
उन्होंने बताया कि आमंत्रित किए जाने के बावजूद, वामपंथी दलों के इस बैठक में शामिल होने की संभावना नहीं है।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव

Facebook


