ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी में एक व्यक्ति से 1.46 लाख रुपये की ठगी के आरोप में दो लोग गिरफ्तार
ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी में एक व्यक्ति से 1.46 लाख रुपये की ठगी के आरोप में दो लोग गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 18 अप्रैल (भाषा) ऑनलाइन निवेश कार्यों के माध्यम से अधिक मुनाफे का लालच देकर 25 वर्षीय व्यक्ति से 1.46 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, धोखाधड़ी की विस्तृत तकनीकी जांच के बाद दिल्ली और लुधियाना सहित कई राज्यों के शहरों में चलाए गए एक अभियान के बाद आरोपियों को पकड़ा गया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित पंकज द्विवेदी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से होटल रेटिंग और समीक्षा से संबंधित अंशकालिक नौकरी का प्रस्ताव दिया गया था। शुरुआत में उन्हें छोटे-छोटे काम दिए गए और मामूली रकम का भुगतान किया गया, जिससे उनका भरोसा जीतने में मदद मिली।
बाद में उन्हें अधिक मुनाफे का आश्वासन देकर तथाकथित ‘प्रीपेड टास्क्स’ में बड़ी रकम निवेश करने के लिए राजी किया गया। कई लेन-देन के बाद निकासी प्रक्रिया के दौरान त्रुटियों और खाता फ्रीज होने का बहाना बनाकर उनसे अतिरिक्त धन जमा करने को कहा गया। ठगी का एहसास होने पर द्विवेदी ने मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने बताया कि आईपी लॉग, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन के तकनीकी विश्लेषण से जांचकर्ताओं को संदिग्ध खातों और मोबाइल नंबरों का पता चला। निगरानी की मदद से लुधियाना में एक आरोपी पुनीत शर्मा (43) का पता लगाकर उसे दो अप्रैल को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि उससे पूछताछ के आधार पर सह-आरोपी मनीष (29) की पहचान हुई। बाद में उसका पता दिल्ली में लगाया गया और चार अप्रैल को ‘किंग्सवे कैंप’ इलाके से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अक्सर अपना ठिकाना बदलता रहता था।
अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि शर्मा ने मनीष को कई बैंक खाते मुहैया कराए थे, जिन्हें मनीष ने आर्थिक लाभ के लिए धोखाधड़ी के गिरोह में शामिल अन्य लोगों को दे दिया था। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा
शुभम रंजन
रंजन

Facebook


