बवाना गिरोह के नाम पर रंगदारी मांगी, दो गिरफ्तार
बवाना गिरोह के नाम पर रंगदारी मांगी, दो गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 28 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने नवीन बाली- नीरज बवाना गिरोह के सदस्य बन एक कारोबारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में से एक व्यक्ति पहले कारोबारी के साथ काम कर चुका है।
पुलिस ने उत्तम नगर निवासी 28-वर्षीय मोहम्मद मोनिस और उत्तर प्रदेश के उन्नाव निवासी 23-वर्षीय मोहम्मद असद को मोहन गार्डन इलाके से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, हरि नगर में ब्रांडेड डिटर्जेंट वितरण व्यवसाय चलाने वाले शिकायतकर्ता को 26 जुलाई की रात करीब 9.27 बजे एक धमकी भरा फोन आया।
पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हरेश्वर वी. स्वामी ने कहा, ‘‘फोन करने वाले ने दावा किया कि वह नवीन बाली-नीरज बवाना गिरोह से जुड़ा है और (उसने) एक करोड़ रुपये की मांग की तथा 27 जुलाई की शाम तक पैसे नहीं देने पर व्यवसायी को जान से मारने की धमकी दी। फोन करने वाले ने शिकायतकर्ता के परिवार के सदस्य को भी धमकी दी।’’
पुलिस ने हरि नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की और जांच के दौरान आरोपी का पता लगाया। आरोपी के पास से रंगदारी मांगने के लिए फोन करने में इस्तेमाल मोबाइल और सिम कार्ड बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान, मोनिस ने पुलिस को बताया कि वह पहले शिकायतकर्ता के लिए काम करता था और उसके व्यावसायिक संचालन और वित्तीय पृष्ठभूमि से परिचित था। उसने असद के साथ मिलकर कारोबारी से पैसे ऐंठने की कथित तौर पर साजिश रची।
डीसीपी ने कहा, ‘‘आरोपी ने घटना से तीन दिन पहले रंगदारी मांगने के लिए करोल बाग से एक नया मोबाइल और सिम कार्ड खरीदा था।’’
पूछताछ के दौरान, दोनों ने दावा किया कि वे गैंगस्टर नवीन बाली और नीरज बवाना से प्रभावित हैं और अक्सर सोशल मीडिया मंचों पर उनसे संबंधित वीडियो देखते थे। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्होंने अदालत में पेशी के दौरान गैंगस्टरों से मिलने की कोशिश की और व्यवसायी में डर पैदा करने के लिए उनके नाम का इस्तेमाल किया।
पुलिस ने कहा कि इस बात की जांच की जा रही है क्या आरोपियों का संगठित आपराधिक गिरोह से कोई संबंध है या नहीं और क्या वे इसी तरह के मामलों में पहले भी शामिल रहे हैं।
भाषा नोमान नोमान सुरेश
सुरेश

Facebook


