गोवा तट के पास दो नौकाएं पलटीं, 24 मछुआरों को सुरक्षित बचाया गया
गोवा तट के पास दो नौकाएं पलटीं, 24 मछुआरों को सुरक्षित बचाया गया
पणजी, 28 जुलाई (भाषा) गोवा के कोलवा और बेनाउलिम समुद्र तटों के निकट मंगलवार को समुद्र में खराब मौसम के कारण दो अलग-अलग घटनाओं में मछली पकड़ने वाली दो नौकाएं पलट गईं। इन नौकाओं में सवार सभी 24 मछुआरों को सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, इन दोनों घटनाओं में कोई भी मछुआरा घायल नहीं हुआ।
इसने बताया कि कोलवा समुद्र तट के निकट एक नौका के पलटने के बाद समुद्र तट पर तैनात ‘लाइफसेवर’ और जेट स्की संचालक बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे तथा नौका में सवार सभी 15 मछुआरों को सुरक्षित किनारे ले आए।
पुलिस के मुताबिक, लगभग उसी समय पास के बेनाउलिम समुद्र तट के निकट नौ मछुआरों को ले जा रही एक अन्य नौका भी पलट गई। उसमें सवार सभी मछुआरों को भी तत्काल सुरक्षित बचा लिया गया।
गोवा के समुद्री तटों पर मानसून के दौरान समुद्र में ऊंची लहरों और तेज हवाओं के कारण हालात अब भी खतरनाक बने हुए हैं।
समुद्र तटों पर जीवनरक्षक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए गोवा सरकार द्वारा नियुक्त एजेंसी ने बताया कि उसने मानसून के दौरान आपात स्थितियों से निपटने के लिए प्रमुख समुद्र तटों, झरनों और चार अंतर्देशीय जलाशयों पर 480 से अधिक प्रशिक्षित जीवनरक्षक गार्ड (लाइफसेवर) और मार्शलों को तैनात किया है।
भाषा रवि कांत नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


