खेत की रखवाली करने गए दो सगे भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला, एक की मौत
खेत की रखवाली करने गए दो सगे भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला, एक की मौत
बदायूं, एक सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के उघैती थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह खेत में आवारा पशुओं से फसल की रखवाली करने गए दो सगे भाइयों की दूसरे पक्ष ने विवाद के दौरान लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी, जिससे इस घटना में एक की मौत हो गयी जबकि दूसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार परिजनों की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामला उघैती थाना इलाके के गांव स्वरूपपुर का है, जहां फसल की रखवाली करने गए वीरेश (22) और मुकेश (25) नाम के सगे भाइयों का झगड़ा आज सुबह ऋषिपाल और उसके तीन बेटों से हो गया।
उन्होंने बताया कि ऋषिपाल और उसके बेटों ने दोनों भाईयों को घेर कर उनकी लाठी डंडों से पिटाई कर दी ।
उन्होंने बताया कि दोनों को घायल अवस्था में उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां वीरेश की मौत हो गई, वहीं मुकेश का उपचार जारी है।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अजय प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
भाषा सं आनन्द
रंजन
रंजन

Facebook


