बदायूं (उप्र), चार अगस्त (भाषा) बदायूं जिले में बिल्सी थाना क्षेत्र के एक गांव में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में नहाते समय डूबने से दो भाइयों की मौत हो गई और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक बेन गांव में भारी बारिश के बाद नवनीत (13), भुवनेश्वर (10) और अमर (11) नहाने के लिए एक पानी भरे गड्ढे में उतरे।
पुलिस ने बताया कि तीनों डूबने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों ने पानी से निकालकर उन्हें पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार डॉक्टरों ने नवनीत और भुवनेश्वर को मृत घोषित कर दिया, जबकि अमर को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। नवनीत और भुवनेश्वर सगे भाई थे।
पुलिस के मुताबिक दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
उपज़िलाधिकारी (एसडीएम) रिपुदमन सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन मुख्यमंत्री राहत कोष से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करेगा। उन्होंने इस बात की भी जांच के आदेश दिए कि संभावित खतरा होने के बावजूद गड्ढे को क्यों नहीं भरा गया या सुरक्षित क्यों नहीं किया गया।
भाषा सं आनन्द
राजकुमार
राजकुमार