नोएडा में अलग-अलग घटनाओं में दो कारों में आग लगी; कोई घायल नहीं हुआ

Ads

नोएडा में अलग-अलग घटनाओं में दो कारों में आग लगी; कोई घायल नहीं हुआ

  •  
  • Publish Date - April 27, 2026 / 04:48 PM IST,
    Updated On - April 27, 2026 / 04:48 PM IST

नोएडा, 27 अप्रैल (भाषा) नोएडा में अलग-अलग घटनाओं में सोमवार को दो कारों में आग लग गई। एक मामले में कथित तौर पर अत्यधिक गर्मी के कारण और दूसरे में बिजली के तार गिरने के कारण यह आग लगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

गौतम बुद्ध नगर के दमकल विभाग के अनुसार, दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं है।

मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पहली घटना में सेक्टर 121 में एक वाहन में आग लगने की सूचना रात 12:18 बजे मिली थी।

उन्होंने बताया, “तत्काल दमकल वाहन को भेजा गया। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि बिजली के खंभे के पास खड़ी 2018 मॉडल की सीएनजी-पेट्रोल कार में बिजली के तार गिरने से आग लग गई थी। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया और किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं है।”

सेक्टर 121 में पूर्वाह्न 11:40 बजे एक अन्य घटना में, फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद एक्सप्रेसवे पर चलती कार में आग लग गई।

कुमार ने बताया, “2019 मॉडल की पेट्रोल कार नोएडा से पर्थला की ओर जा रही थी, तभी इंजन में अत्यधिक गर्मी के कारण आग लग गई। वाहन में छह लोग सवार थे, जो सभी सुरक्षित बाहर निकल गए।”

उन्होंने कहा कि आग पर तुरंत काबू पा लिया गया और किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।

भाषा तान्या माधव

माधव