उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में विस्फोटक लदे वाहन में धमाका होने से आठ लोगों की मौत, 35 घायल

Ads

उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में विस्फोटक लदे वाहन में धमाका होने से आठ लोगों की मौत, 35 घायल

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 01:34 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 01:34 PM IST

पेशावर, 12 मई (भाषा) उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में मंगलवार को एक आत्मघाती हमलावर द्वारा विस्फोटक लदे वाहन में धमाका करने से दो सुरक्षा अधिकारियों समेत कम से कम आठ लोग मारे गए और 35 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह घटना अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लक्की मारवत जिले में हुई।

जिला पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटक से लदे अपने तिपहिया ऑटो रिक्शा में नौरंग बाजार के फाटक चौक पर धमाका कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि मरने वाले आठ लोगों में दो यातायात पुलिसकर्मी और एक महिला शामिल थीं, जबकि घटना में 35 अन्य लोग घायल हुए हैं जिन्हें इलाज के लिए सराय नौरंग के तहसील मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कई लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए बन्नू तथा पेशावर के अस्पतालों में रेफर कर दिया गया।

अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दिया गया और सभी चिकित्सा कर्मचारियों को बुला लिया गया।

‘रेस्क्यू 1122’ के प्रवक्ता शाहदाब खान ने बताया कि राहत कार्य के लिए एम्बुलेंस और विभिन्न टीम घटनास्थल पर भेजी गईं।

खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मोहम्मद सुहैल अफरीदी ने विस्फोट का संज्ञान लिया और पुलिस महानिरीक्षक को घटना पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘हम इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़े हैं और प्रांतीय सरकार उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेगी।’’

भाषा यासिर मनीषा

मनीषा