रांची में मतदाता पंजीकरण पर दो दिवसीय सम्मेलन शुरू

Ads

रांची में मतदाता पंजीकरण पर दो दिवसीय सम्मेलन शुरू

  •  
  • Publish Date - September 2, 2026 / 05:55 PM IST,
    Updated On - September 2, 2026 / 05:55 PM IST

रांची, दो सितंबर (भाषा) रांची स्थित नेशनल यूनिवर्सिटी आफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ (एनयूएसआरएल) में मतदाता पंजीकरण पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन बुधवार को शुरू हुआ।

सम्मेलन का आयोजन झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे) के सहयोग से किया जा रहा है। भारतीय प्रबंधन संस्थान-रांची (आईआईएम-रांची), एनयूएसआरएल रांची और सेंट जेवियर्स कॉलेज इसके ज्ञान भागीदार हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के. रवि कुमार ने कहा, ‘‘मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के निर्देश पर हर राज्य में यह आयोजन किया जा रहा है। झारखंड को ‘मतदाता पंजीकरण और मतदाता रजिस्टर’ विषय दिया गया है।’’

कुमार ने कहा कि आयोजकों ने देशभर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से संपर्क किया और विशेषज्ञों से शोध पत्रों के प्रकाशन के लिए सामग्री प्राप्त की। उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों में इन शोध पत्रों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘कुल 230 सारांश प्राप्त हुए थे, जिनमें से ज्ञान भागीदारों की टीम द्वारा मूल्यांकन के बाद 80 का चयन किया गया। इसके अलावा, विभिन्न राज्यों के विषय विशेषज्ञों से भी शोध पत्र आमंत्रित किए गए थे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुल 57 शोध पत्रों का अंतिम रूप से चयन किया गया है। इन्हें सम्मेलन के विभिन्न तकनीकी सत्रों में विषयवार प्रस्तुत किया जाएगा।’’

उन्होंने कहा कि स्वच्छ, समावेशी, अद्यतन और विश्वसनीय मतदाता सूची लोकतांत्रिक निर्वाचन प्रणाली की महत्वपूर्ण आधारशिला है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में मतदाता पंजीकरण और मतदाता सूची तैयार करने से जुड़े प्रशासनिक, कानूनी, सामाजिक, तकनीकी और शैक्षणिक पहलुओं के साथ-साथ व्यावहारिक चुनौतियों और बेहतर प्रक्रियाओं पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

भाषा अमित पवनेश

पवनेश