चंडीगढ़, दो मई (भाषा) हाल में आम आदमी पार्टी (आप) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक के खिलाफ पंजाब पुलिस ने प्राथमिकियां दर्ज की हैं। सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, पाठक के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। हालांकि इन प्राथमिकियों के बारे में अभी कोई और विवरण सामने नहीं आया है।
पाठक उन सात राज्यसभा सदस्यों में शामिल हैं, जिन्होंने आप छोड़कर भाजपा का दामन थामा है।
‘आप’ को 24 अप्रैल को उस समय बड़ा झटका लगा जब उसके 10 राज्यसभा सदस्यों में से सात- पाठक, राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, राजिन्दर गुप्ता, विक्रमजीत साहनी और स्वाति मालीवाल ने यह आरोप लगाते हुए पार्टी छोड़ दी थी कि अरविंद केजरीवाल की पार्टी अपने सिद्धांतों, मूल्यों और बुनियादी आदर्शों से भटक गई है।
इन सात सांसदों में से छह पंजाब से हैं।
बाद में राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने भाजपा में उनके शामिल होने को आधिकारिक तौर पर स्वीकार कर लिया, जिससे उच्च सदन में ‘आप’ के सदस्यों की संख्या घटकर तीन रह गई।
भाषा खारी सिम्मी
सिम्मी