झारखंड में गोलीबारी के बाद अपराधियों के गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
झारखंड में गोलीबारी के बाद अपराधियों के गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
हजारीबाग, 24 जुलाई (भाषा) झारखंड के हजारीबाग जिले में शुक्रवार को पुलिस के साथ हुई संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद एक आपराधिक गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों में से एक मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हो गया।
बड़कागांव के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अमित कुमार आनंद ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ‘राहुल दुबे’ गिरोह के दो सदस्य मोटरसाइकिल पर सवार होकर केरेडारी क्षेत्र स्थित एक कोयला औद्योगिक इकाई से रंगदारी वसूलने जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम ने इलाके में छापेमारी की।
एसडीपीओ ने कहा, ‘बुकरू ट्रांसपोर्टिंग रोड के पास जब उन दोनों को रोका गया, तो उन्होंने पुलिस टीम का सामना किया और जवानों पर गोली चलाई, जिससे पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। दोनों में से एक के पैर में गोली लगी।’
उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक आग्नेयास्त्र और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
अधिकारी ने बताया कि घायल आरोपी का इलाज शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसबीएमसीएच) में किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, राहुल दुबे गिरोह के सदस्य चतरा, रामगढ़ और हजारीबाग जिलों में कोयला औद्योगिक इकाइयों के मालिकों, कारोबारियों और व्यापारियों से कथित तौर पर रंगदारी वसूलने में संलिप्त हैं।
भाषा
शुभम सिम्मी
सिम्मी

Facebook


