गढ़वा (झारखंड), 27 मई (भाषा) झारखंड के गढ़वा जिले में घर में जलावन के लिए लकड़ी एकत्र करने निकली दो लड़कियों की एक तालाब में डूबने से मौत हो गई।
पुलिस ने आशंका जताई है कि यह घटना संभवतः गर्मी से राहत के लिए लड़कियों के तलाब में नहाने के दौरान हुई।
बंसीधर नगर थाने के प्रभारी अधिकारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि प्रियांशु कुमारी (आठ) और रेशमा कुमारी (दस) मंगलवार सुबह लकड़ी इकट्ठा करने के लिए घर से निकली थीं और देर रात तक वापस नहीं आईं।
बुधवार सुबह कुम्बा गांव के निवासियों ने तालाब में दो शव तैरते हुए देखे और उन्हें बाहर निकालने के बाद पुलिस को सूचना दी।
अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि लड़कियां भीषण गर्मी से राहत के लिए तालाब में नहाने उतरी थीं।
पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच जारी है।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश