फरीदाबाद की फैक्टरी में लगी आग में घायल हुए दो लोगों की मौत

फरीदाबाद की फैक्टरी में लगी आग में घायल हुए दो लोगों की मौत

फरीदाबाद की फैक्टरी में लगी आग में घायल हुए दो लोगों की मौत
Modified Date: February 20, 2026 / 12:05 pm IST
Published Date: February 20, 2026 12:05 pm IST

फरीदाबाद, 20 फरवरी (भाषा) फरीदाबाद के मुजेसर इलाके में एक कारखाने में लगी आग में घायल हुए दो लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि फैक्टरी मालिक विजय मोंगा के बेटे अभिषेक मोंगा (37) और फैक्टरी में काम करने वाले तथा संजय कॉलोनी के निवासी प्रदीप कुमार (21) हादसे में लगभग 50 प्रतिशत जल गए और बृहस्पतिवार रात दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

सोमवार को कालकाजी लुब्रिकेंट्स एंड शिव स्टील कंपनी की कार्यशाला में लगी आग में घायल हुए 37 लोगों में ये दोनों भी शामिल थे। यह आग तब लगी जब रसायनों से भरे एक ड्रम में चिंगारी गिर गई, जिससे सिलसिलेवार विस्फोट हुए।

पुलिस ने बताया कि अभिषेक अपने पिता को बचाने के लिए कारखाने के अंदर गया और घायल हो गया।

इस घटना के सिलसिले में विजय मोंगा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वह भी आग में घायल हो गया था और दिल्ली के एक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने बताया कि जिला उपायुक्त के आदेश पर मामले की जांच के लिए बडखल के उप-विभागीय मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में सात सदस्यीय टीम का गठन किया गया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। दो दमकलकर्मियों रणवीर और भाविचंद की हालत गंभीर बताई जाती है।

अधिकारी ने बताया कि वे 50 प्रतिशत से अधिक जल गए हैं और सफदरजंग अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में