नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में 16 वर्षीय लड़के की हत्या कर उसका शव गड्ढे में फेंकने के आरोप में दो नाबालिग को पकड़ा गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उत्तर पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल अलवल ने बताया कि आरोपी 16 और 17 वर्षीय हैं और गाजियाबाद के रहने वाले हैं। उन्हें मंगलवार को पकड़ा गया था।
उनके मुताबिक, आरोपी पीड़ित को चप्पल खरीद के बहाने से एक पार्क में ले गए और वहां कथित रूप से चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, लड़के का शव मंगलवार सुबह जग प्रवेशचंद अस्पताल के पास स्थित डीडीए पार्क में एक गड्ढे से मिला था। शव पर चाकू से वार किए जाने के निशान थे।
डीसीपी ने बताया कि शव के पास खून से सना एक चाकू भी मिला था और इस बाबत न्यू उस्मानपुर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि एक फोरेंसिक टीम ने अपराध स्थल की जांच की और सबूत एकत्र किए, जबकि पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया ।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है और उन्होंने पुलिस को बताया है कि वे लड़के के साथ एक ही कारखाने में काम करते थे और वह (पीड़ित) अक्सर उन्हें तंग करता था।
डीसीपी ने कहा कि आरोपियों ने पीड़ित को फोन कर चप्पलें खरीदने के बहाने से पार्क में बुलाया जहां उनके बीच बहस हुई और इस दौरान दोनों ने चाकू से उसपर हमला कर दिया और मौके से भाग गए।
मामले में आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान
नोमान पवनेश
पवनेश