मध्य दिल्ली में चाकू दिखाकर लूटपाट करने के आरोप में दो नाबालिग हिरासत में

मध्य दिल्ली में चाकू दिखाकर लूटपाट करने के आरोप में दो नाबालिग हिरासत में

मध्य दिल्ली में चाकू दिखाकर लूटपाट करने के आरोप में दो नाबालिग हिरासत में
Modified Date: February 5, 2026 / 04:40 pm IST
Published Date: February 5, 2026 4:40 pm IST

नयी दिल्ली, पांच फरवरी (भाषा) मध्य दिल्ली में एक मोटरसाइकिल सवार को चाकू की नोंक पर लूटने के आरोप में पुलिस ने दो नाबालिगों को हिरासत में ले लिया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि 28 जनवरी को शाम करीब सात बजे ईदगाह के पास रानी झांसी रोड पर यातायात बाधित होने के कारण शिकायतकर्ता की मोटरसाइकिल के धीमी हो जाने के दौरान यह घटना हुई। शिकायतकर्ता ने कहा, ‘‘मौके का फायदा उठाते हुए दो लड़कों ने मोटरसाइकिल रोक ली।’’

अधिकारी ने कहा, ‘‘उनमें से एक ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता के पीछे बैठकर उसकी गर्दन पकड़ ली और उसे काबू कर लिया, जबकि दूसरे ने मोटरसाइकिल को आगे से रोक दिया। उन्होंने उसे चाकू दिखाकर धमकाया और उससे 32,000 रुपये लूट लिए।’’

पुलिस ने बताया कि पीड़ित काम के बाद घर लौट रहा था।

अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई और जांच शुरू की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों की पहचान की।

उन्होंने कहा, ‘‘बुधवार को एक टीम ने पहाड़गंज और आनंद पर्वत क्षेत्रों से दो नाबालिगों को हिरासत में लिया और उनके पास से लूटी गई नकदी भी बरामद कर ली गयी।’’

भाषा यासिर नरेश

नरेश


लेखक के बारे में