झारखंड में हाथी नियंत्रण दस्ते का वाहन ट्रक से टकराया, दो की मौत, 10 घायल

झारखंड में हाथी नियंत्रण दस्ते का वाहन ट्रक से टकराया, दो की मौत, 10 घायल

झारखंड में हाथी नियंत्रण दस्ते का वाहन ट्रक से टकराया, दो की मौत, 10 घायल
Modified Date: February 15, 2026 / 01:27 pm IST
Published Date: February 15, 2026 1:27 pm IST

हजारीबाग (झारखंड), 15 फरवरी (भाषा) झारखंड के हजारीबाग जिले में हाथी नियंत्रण दस्ते के सदस्यों को ले जा रहे एक वाहन की ट्रक से सीधी टक्कर हो गई जिससे दस्ते के दो सदस्यों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना शनिवार रात चरही थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर पूर्ण पानी गांव के पास हुई।

हाथियों को नियंत्रित करने में प्रशिक्षित 12 कर्मियों का यह दस्ता वाहन से उन पांच हाथियों की तलाश में निकला था, जिन्होंने शुक्रवार को सात लोगों को मार डाला था। इनमें से कई पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले के थे।

चरही थाना प्रभारी कुंदन कांत विमल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘हादसे में वाहन चालक और दस्ते के एक सदस्य की मौत हो गई जबकि 10 अन्य घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को रांची स्थित राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में रेफर किया गया है जबकि नौ अन्य का इलाज हजारीबाग के सदर अस्पताल में जारी है।’

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान बांकुरा निवासी पिंटू मोदी (30) और हजारीबाग के चरही निवासी शहादत हुसैन (60) के रूप में हुई है।

पांच हाथियों का यह झुंड हजारीबाग के विभिन्न हिस्सों में घूम रहा है और भारी तबाही मचा रहा है। शुक्रवार को एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित सात लोगों को हाथियों ने कुचलकर मार डाला था।

अधिकारियों के अनुसार, हाथियों के कारण उत्पन्न हुई इस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए 70 टीम तैनात की गई हैं।

भाषा प्रचेता शोभना

शोभना


लेखक के बारे में