ओडिशा में सड़क घटनाओं में दो लोगों की मौत, 30 घायल

ओडिशा में सड़क घटनाओं में दो लोगों की मौत, 30 घायल

ओडिशा में सड़क घटनाओं में दो लोगों की मौत, 30 घायल
Modified Date: May 9, 2026 / 02:19 pm IST
Published Date: May 9, 2026 2:19 pm IST

भुवनेश्वर, नौ मई (भाषा) ओडिशा के गंजाम, मयूरभंज और सुंदरगढ़ जिलों में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई और लगभग 30 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, ओडिशा के गंजाम जिले में शनिवार सुबह ट्रक और तीर्थयात्रियों से भरी एक बस की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में बस चालक की मौत हो गई, और 15 अन्य लोग घायल हो गए। इस दौरान बस में 30 तीर्थयात्री सवार थे।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘घायलों को कोडाला अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। उन घायलों में से दो को बाद में ब्रह्मपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में रेफर कर दिया गया।’’

अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य सड़क दुर्घटना मयूरभंज जिले के बेतनती थाना क्षेत्र में नंदासोल चक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई जहां शादी समारोह में लोगों को ले जा रही एक एसयूवी, ट्रक से टकराने के बाद पलट गई। पुलिस ने कहा कि हादसे में 13 लोग घायल हो गए।

उन्होंने कहा कि घायलों को पीआरएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं, सुंदरगढ़ जिले के तलसरा थाना क्षेत्र में घोघर बुंदेल जंगल के पास एक सड़क दुर्घटना में एक मोटरसाइकल चालक की मौत हो गई और दो अन्य लोग गंभीर घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान श्लोक बारला (22) के रूप में हुई है। तीनों एक शादी समारोह में जा रहे थे।

भाषा प्रचेता नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में