जयपुर में तेज रफ्तार डंपर ने राहगीरों को कुचला, दो की मौत

Ads

जयपुर में तेज रफ्तार डंपर ने राहगीरों को कुचला, दो की मौत

  •  
  • Publish Date - September 26, 2025 / 01:34 PM IST,
    Updated On - September 26, 2025 / 01:34 PM IST

जयपुर, 26 सितंबर (भाषा) जयपुर में बृहस्पतिवार रात सड़क हादसे में दो व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब एक तेज रफ्तार डंपर ने दो राहगीरों को कुचल दिया। उसके बाद डंपर बिजली के ट्रांसफार्मर से टकरा गया और उसमें आग लग गई।

उन्होंने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार को आमेर थाना क्षेत्र के कुंडा गांव के पास हुई।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा ने शनिवार को बताया कि शिव कुंडा तलाई निवासी शंकरलाल सैनी (32), ओमप्रकाश सैनी (40) और सोहनलाल (40) अपने घरों के बाहर एक आटा चक्की के पास खड़े थे तभी एक डम्पर ने उन्हें टक्कर मार दी।

अधिकारियों ने बताया कि वाहन तीनों को कुछ दूर तक घसीटता हुआ ले गया और फिर ट्रांसफार्मर से टकरा गया, जिससे डंपर में आग लग गई। हादसे में शंकरलाल और ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सोहनलाल के हाथ और पैर में कई फ्रैक्चर हो गए हैं और उनका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने शवों को सड़क पर रखकर जयपुर-दिल्ली राजमार्ग जाम कर दिया और भारी वाहनों की गति सीमा तय करने की मांग की। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद जाम हटा लिया गया।

भाषा पृथ्वी

मनीषा

मनीषा