ओडिशा में भारी बारिश जारी, दीवार गिरने की घटनाओं में दो की मौत

ओडिशा में भारी बारिश जारी, दीवार गिरने की घटनाओं में दो की मौत

ओडिशा में भारी बारिश जारी, दीवार गिरने की घटनाओं में दो की मौत
Modified Date: August 31, 2026 / 06:38 pm IST
Published Date: August 31, 2026 6:38 pm IST

भुवनेश्वर, 31 अगस्त (भाषा) ओडिशा के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश के कारण दीवार गिरने की अलग-अलग घटनाओं में दो व्यक्तियों की मौत हो गई, जिनमें दो साल का एक बच्चा भी शामिल है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि चार स्थानों पर 100 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि यह बारिश गांगेय पश्चिम बंगाल और उससे सटे उत्तरी-तटीय ओडिशा तथा उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने एक कम दबाव के क्षेत्र के कारण हुई है।

विभाग ने यह भी कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान इसके उत्तरी ओडिशा से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है।

इसके प्रभाव में, क्योंझर जिले के टेंसा में 162.2 मिमी की वर्षा दर्ज की गई, इसके बाद देवगढ़ के बारकोट में 127.2 मिमी और क्योंझर के हतादीही में 118.5 मिमी बारिश हुई।

राज्य के अन्य 15 स्थानों पर भी इस अवधि के दौरान भारी वर्षा दर्ज की गई। भारी बारिश के कारण बरगढ़ जिले के सभी स्कूल बंद रहे।

पुलिस ने बताया कि संबलपुर जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में रविवार को खेलते समय मिट्टी की दीवार का एक हिस्सा गिरने से एक लड़के की कथित तौर पर मौत हो गई।

मृतक की पहचान झारसुगुड़ा जिले के निवासी राजबीर करसेल के रूप में हुई है।

इसी तरह की एक अन्य घटना में, क्योंझर जिले के चंपुआ पुलिस थाना क्षेत्र में रात को सोते समय घर की दीवार गिरने से एक महिला की कथित रूप से मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान पूर्णिमा मोहंती के रूप में हुई है।

चंपुआ पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय लोगों ने मृतक के परिवार के लिए मुआवजे की मांग की।

आईएमडी ने सुंदरगढ़ औरइ क्योंझर जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया, जबकि झारसुगुड़ा, बरगढ़, संबलपुर, देवगढ़, अंगुल और मयूरभंज जिलों को सोमवार के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ की श्रेणी में रखा गया।

भद्रक, जाजपुर, कटक, ढेंकानाल, सोनपुर, बौध, नुआपाड़ा, बलांगीर, कालाहांडी, कंधमाल और नयागढ़ जिलों में भी दिन के दौरान भारी बारिश की संभावना है।

आईएमडी के पूर्वानुमान को देखते हुए जिलाधिकारी ने बरगढ़ जिले में सभी स्कूलों को दिन के लिए बंद कर दिया।

मौसम विभाग ने कहा कि ओडिशा तट के साथ और उसके आसपास हवा की गति 40-50 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है और यह स्थिति मंगलवार तक बनी रहेगी।

समुद्र की स्थिति खराब रहने की संभावनाओं के मद्देनजर मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी कि वे ओडिशा तट के पास या समुद्र में मंगलवार तक न जाएं।

भाषा सुरेश नरेश

नरेश


लेखक के बारे में