विकसित भारत की राह में बाधा बनने वालों को उखाड़ फेंकेंगे : भाजयुमो अध्यक्ष हेमांग जोशी

विकसित भारत की राह में बाधा बनने वालों को उखाड़ फेंकेंगे : भाजयुमो अध्यक्ष हेमांग जोशी

विकसित भारत की राह में बाधा बनने वालों को उखाड़ फेंकेंगे : भाजयुमो अध्यक्ष हेमांग जोशी
Modified Date: August 31, 2026 / 07:12 pm IST
Published Date: August 31, 2026 7:12 pm IST

नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी ने ‘‘कृत्रिम विरोध प्रदर्शनों’’ का आयोजन करने वालों पर निशाना साधते हुए सोमवार को कहा कि विकसित भारत के सफर में बाधा बनने वालों को ‘‘उखाड़ फेंका जाएगा।’’

भाजपा मुख्यालय के विस्तार कार्यालय में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह में जोशी ने कहा, ‘‘जो लोग इस तरह के तथाकथित कृत्रिम विरोध प्रदर्शन आयोजित करते हैं, उनसे मैं कहना चाहता हूं कि जिस स्कूल से आपने 12वीं कक्षा पास की और इतनी खुशी मना रहे हैं, वहां हमारे कार्यकर्ताओं ने पीएचडी की है। जब समय आएगा, वे आपको अपनी क्षमता दिखाएंगे।’’

उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से कहा, ‘‘आज मैं आप सभी से एक संकल्प चाहता हूं। मेरे साथ मिलकर हमें हर उस व्यक्ति को उखाड़ फेंकना होगा, जो विकसित भारत के लक्ष्य के रास्ते में बाधा बनता है।’’

जोशी ने कहा कि देश के खिलाफ युवाओं के बीच फैलाई जा रही किसी भी ‘‘गलत सूचना’’ का जवाब देने में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) सबसे आगे रहेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं आपसे आग्रह करता हूं कि अब से जब भी युवाओं के बीच कोई गलत जानकारी फैलाई जाए तो उसका जवाब देने वाला पहला संगठन भाजयुमो होना चाहिए।’’

भाजयुमो के नवनियुक्त अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना करते हुए कहा, ‘‘हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने अपने जीवन में एक दिन भी छुट्टी नहीं ली है। परिस्थितियां कैसी भी रही हों, उन्होंने हमेशा धैर्य बनाए रखा और राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर आगे बढ़ते रहे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी पार्टी प्रोटोकॉल की नहीं, बल्कि कार्य करने वाली पार्टी है। जब हम इस विश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं कि राष्ट्र पार्टी से बड़ा है और पार्टी व्यक्ति से बड़ी है, तो देश की सेवा में क्या हमें ऐसी ध्यान भटकाने वाली ताकतों को सहन करना चाहिए? क्या हमें उन्हें करारा जवाब नहीं देना चाहिए?’’

गुजरात के वडोदरा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद जोशी ने दिल्ली में आयोजित समारोह में भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभाला।

भाजपा मुख्यालय के विस्तार कार्यालय में उनका जोरदार स्वागत किया गया, जहां बड़ी संख्या में भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थन में नारे लगाए और ढोल बजाए।

जोशी ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार जताया।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं नितिन नवीन जी का हृदय से आभारी हूं कि उन्होंने बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले एक छोटे से कार्यकर्ता को युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में सेवा करने का अवसर दिया।’’

इस कार्यक्रम के दौरान भाजयुमो के निवर्तमान अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने पार्टी का झंडा जोशी को सौंपा।

सूर्या ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जहां सामान्य कार्यकर्ता भी युवा मोर्चा जैसे बड़े संगठन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह भाजपा की विशेषता है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता सबसे बड़े राजनीतिक दल के सबसे बड़े युवा संगठन का अध्यक्ष बन सकता है। यह केवल भाजपा में संभव है। मैं इसका जीवंत उदाहरण हूं।’’

सूर्या ने अपने छह साल के कार्यकाल के दौरान के कई मजेदार किस्से साझा करते हुए अपने उत्तराधिकारी को युवा मोर्चा का नेतृत्व करने में आने वाली चुनौतियों के प्रति आगाह किया।

उन्होंने लद्दाख की एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक स्थानीय कार्यकर्ता ने उन्हें पार्षद कार्यालय के उद्घाटन के लिए दो-तीन किलोमीटर अतिरिक्त रास्ता तय करने के लिए राजी किया था और बड़ी संख्या में लोगों के जुटने का भरोसा दिया था।

सूर्या ने कहा कि करीब पांच घंटे की यात्रा के बाद वे न तो कार्यालय ढूंढ पाए और न ही वहां कोई भीड़ मिली। वहां ‘‘न बिल्ली थी, न कुत्ता।’’

कर्नाटक की बेंगलुरु दक्षिण सीट से सांसद सूर्या ने उत्तर प्रदेश की एक अन्य घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि गांवों के दौरे के दौरान उन्हें और अन्य कार्यकर्ताओं को भीषण गर्मी में करीब दो घंटे तक कार के बोनट पर बैठकर यात्रा करनी पड़ी थी।

सूर्या ने कहा कि भाजयुमो अध्यक्ष के रूप में उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि संगठन में नेतृत्व की दूसरी पंक्ति तैयार करना रही।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे गर्व है कि जब हेमांग जी जिम्मेदारी संभालकर आगे बढ़ रहे हैं तो वह मुझसे भी अधिक युवा मोर्चा के सफल अध्यक्ष साबित होंगे।’’

भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश

नरेश


लेखक के बारे में