असम के सोनितपुर में जंगली हाथी के हमले में दो लोगों की मौत
असम के सोनितपुर में जंगली हाथी के हमले में दो लोगों की मौत
तेजपुर, 22 सितंबर (भाषा) असम के सोनितपुर जिले में मंगलवार को तीन अलग-अलग स्थानों पर एक जंगली हाथी के हमले में दो लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सोनितपुर पश्चिम संभाग के वन अधिकारी (डीएफओ) बिस्वज्योति दास ने बताया कि एक जंगली हाथी पास के जंगल से भटककर ढेकियाजुली थाना क्षेत्र में पहुंच गया और फिर उसने अलग-अलग जगह लोगों पर हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान रहमत अली और गणेश टोप्पो के रूप में हुई है जबकि घायल रूप सिंह बोरमहलिया को तेजपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दास ने कहा कि वन विभाग के कर्मी हाथी को वापस जंगल में भेजने का प्रयास कर रहे हैं। इस बीच हाथी को आखिरी बार बालीपारा चाय बागान में आराम करते हुए देखा गया।
उन्होंने बताया कि वन विभाग हाथी की गतिविधियों पर बारीकी से नजर रख रहा है और किसी भी अन्य अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव

Facebook


