द्वारका एक्सप्रेसवे पर ट्रक से पीछे से टकराई कार, दो लोगों की मौत, महिला घायल
द्वारका एक्सप्रेसवे पर ट्रक से पीछे से टकराई कार, दो लोगों की मौत, महिला घायल
गुरुग्राम, 21 जुलाई (भाषा) गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक कार के एक ट्रक से पीछे से टकरा जाने की घटना में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब तीनों सोहना रोड स्थित एक क्लब में फीफा विश्व कप फाइनल का मैच देखने के बाद दिल्ली लौट रहे थे। इस संबंध में सेक्टर-10 थाना पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
रेवाड़ी निवासी मोहित सचदेवा की शिकायत के अनुसार, उनके रिश्तेदार दीपक मलिक (20) अपने दोस्तों सक्षम सचदेवा (22) और प्रगति वशिष्ठ के साथ दिल्ली के उत्तम नगर से गुरुग्राम मैच देखने गए थे।
शिकायत के अनुसार, तीनों ने सोहना रोड स्थित एक क्लब में बड़ी स्क्रीन पर फाइनल मैच देखा और इसके बाद कार से दिल्ली लौट रहे थे। कार सक्षम चला रहा था।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि द्वारका एक्सप्रेसवे पर परीना टावर के पास पहुंचने पर आगे चल रहे ट्रक ने अचानक लेन बदली और ब्रेक लगा दिए, जिससे कार ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।
पुलिस ने बताया कि उत्तम नगर निवासी दीपक और सक्षम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उत्तर प्रदेश के हाथरस की रहने वाली और वर्तमान में उत्तम नगर में रह रही प्रगति गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
भाषा
शुभम रंजन
रंजन

Facebook


