अरुणाचल के तिरप में सशस्त्र उग्रवादियों ने दो मजदूरों का अपहरण किया

Ads

अरुणाचल के तिरप में सशस्त्र उग्रवादियों ने दो मजदूरों का अपहरण किया

  •  
  • Publish Date - September 27, 2026 / 06:19 PM IST,
    Updated On - September 27, 2026 / 06:19 PM IST

ईटानगर, 27 सितंबर (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले में तीन अज्ञात सशस्त्र उग्रवादियों ने एक स्कूल के निर्माणधीन स्थल से कथित तौर पर पर्यवेक्षक (सुपरवाइजर) समेत दो मजदूरों का अपहरण कर लिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात करीब आठ बजे बरप गांव में विवेकानंद केंद्र विद्यालय (वीकेवी) के निर्माणाधीन स्थल पर हुई। यह गांव भारत-म्यांमा सीमा के पास लाजू पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आता है।

तिरप के पुलिस अधीक्षक आदित्य सिंह के अनुसार, तीन सशस्त्र उग्रवादी घटनास्थल में घुसे और एक मजदूर तथा निर्माण स्थल पर्यवेक्षक को अगवा कर लिया।

एसपी ने बताया कि फिलहाल लापता दोनों व्यक्तियों की सुरक्षा या ठिकाने के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं है।

उन्होंने बताया, ‘लाजू थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और विस्तृत जांच जारी है।’

उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश पुलिस, असम राइफल्स और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा पूरे क्षेत्र में संयुक्त खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया है।

घटना से जुड़ी परिस्थितियों और सशस्त्र समूह की पहचान या उससे जुड़े संगठन का अभी तक स्वतंत्र रूप से पता नहीं लगाया जा सका है।

भाषा प्रचेता दिलीप

दिलीप