दिल्ली के द्वारका में नीरज बवाना गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
दिल्ली के द्वारका में नीरज बवाना गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने नीरज बवाना गिरोह के दो कथित सदस्यों को यहां द्वारका से गिरफ्तार किया है और उनके पास से हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि आरोपियों की पहचान प्रदीप सिंह (31) और आशीष (32) के रूप में हुई है। दोनों हरियाणा के सोनीपत जिले के निवासी हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध कार से बार-बार किरण गार्ड इलाके में आते-जाते रहते हैं। इसके बाद पुलिस ने 15 अप्रैल को मटियाला के पास जाल बिछाया और एक कार को रोका।
अधिकारी ने कहा, ‘जांच के दौरान, उनके पास से विदेश निर्मित एक अर्ध स्वचालित पिस्तौल और चार कारतूस बरामद किए गए। दोनों के मोबाइल फोन में कथित तौर पर बंदूकों के साथ तस्वीरें और गैंगस्टर नीरज बवाना की तस्वीरें मिलीं, जो गिरोह के साथ उनके संबंध का संकेत देती हैं।’
पूछताछ के दौरान प्रदीप ने पुलिस को बताया कि वह अपने रिश्तेदारों के माध्यम से गिरोह के संपर्क में आया और 2022 में गोगी गिरोह के साथ प्रतिद्वंद्विता के दौरान उसके रिश्ते के भाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जो कथित तौर पर गिरोह का सदस्य था। इसके बाद से वह गोगी गिरोह के खिलाफ रंजिश रखने लगा था।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी कथित तौर पर अपराध करने की साजिश रच रहे थे। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान दिलीप
दिलीप

Facebook


