बिना कानूनी अनुमति के महिला का शव कब्र से निकालने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

Ads

बिना कानूनी अनुमति के महिला का शव कब्र से निकालने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 08:37 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 08:37 PM IST

दावणगेरे (कर्नाटक), 21 जुलाई (भाषा) कर्नाटक के दावणगेरे जिले में एक महिला के शव को बिना अनुमति कब्र से निकालने और उसे मोटरसाइकिल पर ले जाने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 18 जुलाई को रात 9 बजे से 11:30 बजे के बीच हरिहर तालुक के अडापुर गांव में हुई।

पुलिस ने बताया कि मंजूनाथ और उसके बड़े भाई वेंकटेश ने कथित तौर पर अपनी मां ईरम्मा (58) के शव को उस कृषि भूमि से खोदकर निकाल लिया, जहां उसे दफनाया गया था।

पुलिस के मुताबिक, ईरम्मा की मौत को लेकर 29 अप्रैल को मालेबेन्नूर पुलिस थाने में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत पहले ही अप्राकृतिक मृत्यु रिपोर्ट दर्ज की गई थी।

पुलिस ने बताया कि दोनों भाइयों को इस बात का संदेह था कि उनकी मां की हत्या हुयी है और वे कथित तौर पर पुलिस जांच से संतुष्ट नहीं थे।

पुलिस ने बताया कि उन्होंने शव को कब्र से निकाला, उसे चादर में लपेटा और दोबारा पोस्टमार्टम कराने के लिए दोपहिया वाहन से ले जाने लगे। इस घटना के संबंध में उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

प्राथमिकी के अनुसार, पंचनामा और पोस्टमार्टम जांच के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिवार को सौंप दिया गया था और उसे उनकी जमीन में दफनाया गया था। अप्राकृतिक मृत्यु रिपोर्ट की जांच अब भी जारी है।

पुलिस ने दावा किया कि दोनों भाइयों ने कथित तौर पर लंबित जांच में सबूत नष्ट करने के इरादे से शव को कब्र से बाहर निकाला।

शव कब्र से निकालने के संबंध में दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि यह मामला तब सामने आया जब 18 जुलाई को दावणगेरे सिटी की रात्रि गश्त पुलिस ने संदेह होने पर दोनों को मोटरसाइकिल पर शव ले जाते समय रोक लिया। इसके बाद शव को दावणगेरे के सीजी अस्पताल के शवगृह में भेज दिया गया।

शिकायत के आधार पर मालेबेन्नूर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दोनों भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें शव को अवैध रूप से हटाने, साक्ष्य गायब करने और साझा मंशा के तहत किए गए अपराध के प्रावधान शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक मामले की जांच जारी है।

भाषा रंजन धीरज

धीरज