कुलगाम में आतंकवादी हमले में दो प्रवासी मजदूरों की मौत

कुलगाम में आतंकवादी हमले में दो प्रवासी मजदूरों की मौत

कुलगाम में आतंकवादी हमले में दो प्रवासी मजदूरों की मौत
Modified Date: August 1, 2026 / 08:14 am IST
Published Date: August 1, 2026 8:14 am IST

श्रीनगर, एक अगस्त (भाषा) जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में एक ईंट-भट्ठे पर हुए आतंकवादी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों ने शुक्रवार देर शाम दक्षिण कश्मीर के केलम इलाके में स्थित ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों को निशाना बनाया।

हमले में दोनों मजदूर घायल हो गए। इनमें से एक दीपक रात्रे ने अस्पताल ले जाए जाने से पहले ही दम तोड़ दिया।

अधिकारियों ने बताया कि दूसरे घायल मजदूर बोपिंदर को पहले जीएमसी अनंतनाग ले जाया गया, जहां से बाद में उसे सौरा स्थित एसकेआईएमएस अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि दोनों मजदूर 20 से 30 वर्ष की आयु के थे और छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे।

इस हमले से करीब 10 दिन पहले अनंतनाग शहर में भी आतंकवादियों ने एक पुलिस अधिकारी की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी थी।

इससे पहले 2024 में जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में भी दो मजदूरों की आतंकियों ने हत्या कर दी थी।

सात फरवरी 2024 को पंजाब के दो मजदूरों अमृतपाल सिंह और रोहित मसीह की श्रीनगर के शहीद गंज इलाके में एक आतंकवादी ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

भाषा गोला शोभना

शोभना


लेखक के बारे में