बीड (महाराष्ट्र), छह मई (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले से एक महीने पहले अगवा की गईं दो नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बलिया से मुक्त कराया। दोनों लड़कियां रिश्तेदार हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
बीड पुलिस ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि मुख्य आरोपी विजय महादेव कावले को मंगलवार को उत्तर प्रदेश से पकड़ा गया। पुलिस ने कहा कि चार दिनों तक चलाए गए एक समन्वित अंतरराज्यीय अभियान के जरिये महाराष्ट्र के नांदेड जिले के निवासी कावले को दबोचा गया।
पुलिस ने लड़कियों की उम्र का खुलासा नहीं करते हुए कहा कि आरोपी ने बीड के गेवराई तालुका के उमापुर गांव से पांच अप्रैल को दोनों नाबालिग का कथित तौर पर अपहरण किया था। पुलिस ने कहा कि अपराध के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस ने बताया कि यह मामला जांचकर्ताओं के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया था, क्योंकि आरोपी बार-बार अपनी जगह बदल रहा था। उसने कहा कि शुरुआत में महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में छापा मारा गया, क्योंकि आरोपी पहले यहां रहता था, लेकिन इससे कुछ पता नहीं चल पाया।
तकनीकी निगरानी और ‘डिजिटल ट्रैकिंग’ से बाद में पता चला कि लड़कियां उत्तर प्रदेश और बिहार के सीमाई क्षेत्र में मौजूद हैं। इन जानकारियों के आधार पर एक विशेष जांच दल को तुरंत उत्तर प्रदेश रवाना कर दिया गया।
विज्ञप्ति में बताया गया है कि स्थानीय पुलिस की मदद से बलिया के शिवपुर दियारा इलाके और बाद में सिकंदरपुर कस्बे में तलाशी अभियान चलाया गया, जहां एक सुनियोजित जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ लिया गया।
इसमें कहा गया है कि उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों नाबालिग लड़कियों का पता लगाया और उन्हें बचा लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी कथित तौर पर लड़कियों के साथ छत्तीसगढ़ भागने की तैयारी कर रहा था, लेकिन त्वरित कार्रवाई ने उसकी योजना को विफल कर दिया।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश