मणिपुर के कामजोंग में दो लापता व्यक्ति मृत पाये गये, मुख्यमंत्री ने एनआईए जांच का दिया आश्वासन

Ads

मणिपुर के कामजोंग में दो लापता व्यक्ति मृत पाये गये, मुख्यमंत्री ने एनआईए जांच का दिया आश्वासन

  •  
  • Publish Date - March 12, 2026 / 03:51 PM IST,
    Updated On - March 12, 2026 / 03:51 PM IST

इंफाल, 12 मार्च (भाषा) मणिपुर के कामजोंग जिले में लापता हुए दो व्यक्ति बृहस्पतिवार को मृत पाये गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान उखरुल जिले के शांगकाई के 35 वर्षीय थांगबोइमांग खोंगसाई और समीपवर्ती थवई कुकी गांव के 40 वर्षीय थेंगिन बाइट के रूप में हुई है।

ग्रामीणों ने दावा किया कि दोनों बुधवार को जंगल में पाइपलाइन की मरम्मत करने गये थे लेकिन घर नहीं लौटे।

ग्रामीणों और सुरक्षाकर्मियों को उनके शव एक-दूसरे से थोड़ी दूरी पर मिले। उससे कुछ घंटे पहले ही 21 तंगखुल नगा नागरिक रिहा किये गये थे जिन्हें शांगकाई गांव के ग्रामीणों और सशस्त्र लोगों ने हिरासत में हिरासत में ले रखा था।

इस बीच मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने विधानसभा में बृहस्पतिवार को कहा कि यह मामला जांच के लिए राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण को सौंपा जायेगा तथा मृतकों के परिवारों को अनुग्रह राशि दी जायेगी।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘थवाई कुकी गांव में दो व्यक्तियों की मौत से संबंधित मामले को सरकार गहन और निष्पक्ष जांच के लिए राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) को सौंपेगी। सरकारी नियमों के अनुसार पीड़ित परिवारों को अनुग्रह राशि भी प्रदान की जाएगी। सरकार राज्य में न्याय सुनिश्चित करने, कानून व्यवस्था बनाए रखने और कानून के शासन को कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध है।’’

शव बरामद होने के तुरंत बाद, सुबह करीब 10 बजे उखरुल जिले के मोंगकोट चेपु में एक पुलिस वाहन पर भीड़ ने हमला कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि हमले में एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

शांगकाई के आक्रोशित ग्रामीणों ने भी हत्या के विरोध में उखरुल-इम्फाल सड़क पर पत्थर रखकर उसे अवरुद्ध कर दिया।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश